DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पैक्स की आनाकानी से किसान बेहाल, व्यापारी औने–पौने दाम पर खरीद रहे धान

सिटी रिपोर्टर | शेखपुरा जिले में धान खरीद को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) द्वारा धान में नमी का हवाला देकर खरीद से आनाकानी की जा रही है, जिससे मजबूर किसान अपना धान निजी व्यापारियों के हाथों औने–पौने दाम पर बेचने को विवश हैं। सरकारी दर पर पैक्स में धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, लेकिन पैक्स द्वारा खरीद नहीं किए जाने के कारण व्यापारी किसानों से मात्र 1500 से 1650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रहे हैं। इससे किसानों को प्रति क्विंटल करीब 700 रुपये तक का सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस बार सहकारिता समिति द्वारा जिले में कुल 44 पैक्स और 4 व्यापार मंडल को धान खरीदने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन एक महीना बीतने के बावजूद खरीद की रफ्तार बेहद धीमी है। बीते एक माह में पैक्स द्वारा केवल 365 किसानों से 2492 मीट्रिक टन धान की ही खरीद की गई है, जो जिले की कुल उपज के मुकाबले काफी कम मानी जा रही है। इधर खेत सूखने के बाद किसानों के खेत में धान की कटनी में तेजी देखी जा रहीं है। अरियरी के किसान धर्मेंद्र चौहान नें बताया कि अब किसानों को धान के खाली खेत में रबी फ़सल की बुआई करनी है। किसानों को रबी फ़सल बुआई के लिए खाद व बीज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। लेकिन पैक्स की उदासीनता के कारण किसान अपनी मेहनत से उगाई गई धान की फ़सल औने पौने दाम में बेचने पर मजबूर हैं। किसानों का आरोप है कि धान पूरी तरह सुखाने के बावजूद पैक्स कर्मी नमी अधिक होने की बात कहकर खरीद से इंकार कर रहे हैं। खेतों में पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसान अब सरकारी व्यवस्था की उदासीनता से और ज्यादा संकट में आ गए हैं। चेवाड़ा प्रखंड के कपासी के किसान निवास कुमार, सदर प्रखंड के अकौना के किसान महेश यादव, अरियरी प्रखंड के बेलछी निवासी किसान कृष्णनंदन प्रसाद नें आरोप लगाते हुए कहा कि पैक्स द्वारा धान लेने में बहाना बनाया जा रहा है। कभी धान में नमी बताकर तो कभी क्रेडिट नहीं मिलने का बहाना बनाकर किसानों को बरगला दिया जाता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पैक्सों की मनमानी पर रोक लगाई जाए, नमी मापने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और धान की शीघ्र खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें उचित समर्थन मूल्य मिल सके। कई पैक्स में धान की खरीद नहीं धान खरीद के एक महीना बीतने के बावजूद कई पैक्सों में अब भी धान की खरीद नहीं शुरु हो पाई है। सदर प्रखंड के गगरी पंचायत के अकौना गांव से आये किसानो नें कहा कि पैक्स अध्यक्ष के द्वारा उनलोगों का धान नहीं लिया जा रहा है। जिन पैक्सों मे धान की खरीद नहीं शुरु हो पाई है उनमें सामस खुर्द, नीमी, सनैया पैक्स का नाम शामिल है। जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि सनैया पैक्स में कोरम के आभाव मे धान की खरीद नही हो रही है। सनैया पैक्स को दूसरे पैक्स से टैग किया गया है। वही नीमी पैक्स का नामकरण शेखोपुरसराय नगर पंचायत पैक्स-1 किया जाना था,जो हो गया है और अब इस पैक्स में धान की खरीद शुरु हो जायेगी। जिला में अबतक 365 किसानों से 3492.39 एमटी धान की खरीद हो पाई है।


https://ift.tt/dWnjSpw

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *