मैनपुरी के ओछा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के सेल्समैन की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। उसका शव पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर खुले स्थान पर पड़ा मिला। शव के पास से तमंचा मिलने से मामला और उलझ गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। घटना नगला कंचन गांव की है। मृतक की पहचान गौरव कुमार (35) के रूप में हुई है, जो जसराना रोड स्थित नगला दुर्जन के पास एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा बताया गया है कि गुरुवार रात गौरव ड्यूटी पर था। उसका साथी जगमोहन पंप के अंदर सो रहा था, जबकि गौरव बाहर मौजूद था। देर रात एक ग्राहक पेट्रोल लेने पहुंचा, लेकिन बाहर किसी को न देखकर उसने अंदर जाकर जगमोहन को जगाया। जगमोहन ने ग्राहक को बताया कि गौरव बाहर है, लेकिन ग्राहक ने बाहर किसी के न होने की बात कही। इसके बाद जगमोहन को शक हुआ और वह बाहर खोजबीन करने लगा। काफी तलाश के बाद गौरव का शव पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर में गोली लगी थी। दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। शव के पास एक तमंचा भी पड़ा मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास की जांच की। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके। मामला हत्या का है या आत्महत्या का दोनों ही पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

Leave a Reply