मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच देश के कई पेट्रोल पंपों पर देर शाम से लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पेट्रोल और डीजल की संभावित किल्लत की अफवाहों के चलते लोग बड़ी संख्या में ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं, जिससे अफरातफरी का माहौल है। महराजगंज जनपद में भी देर शाम से ही पेट्रोल और डीजल की मांग में भारी वृद्धि दर्ज की गई। अफवाहों के कारण लोग पेट्रोल और डीजल का भंडारण करने लगे, जिससे कई पेट्रोल पंप खाली हो गए। स्थिति को देखते हुए, जिला प्रशासन के अधिकारी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी एके सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की मांग में चार गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि जहां 23 मार्च को जिले में 70 हजार लीटर पेट्रोल बिका था, वहीं 25 मार्च को यह बिक्री 2 लाख 80 हजार लीटर तक पहुंच गई। इसी तरह, 23 मार्च को 84 हजार लीटर डीजल बिका था, जो 25 मार्च को बढ़कर 3 लाख 66 हजार लीटर हो गया। इस अचानक वृद्धि के कारण कई पेट्रोल पंप सूख गए। एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार ने भी जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजल और पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने भी महराजगंज जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी से इनकार किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीजल और पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और दैनिक उपभोग के लिए पर्याप्त भंडारण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और पैनिक न हों।

Leave a Reply