उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग जल्दबाजी में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि मेरठ में अब तक इस अफवाह का कोई खास असर देखने को नहीं मिला है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, यहां न तो भीड़ बढ़ी है और न ही लोगों में किसी तरह की अफरा-तफरी देखने को मिल रही है। रोजाना की तरह ही आम ग्राहक पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों ने साफ कहा कि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई भी नियमित रूप से हो रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत घबराकर पेट्रोल भरवाने न पहुंचें। पेट्रोल पंप पर अभी किसी तरह की किल्लत नहीं है। पेट्रोल पम्प खाली हैं। सामान्य दिनों की तरह ही ग्राहकों को ट्रीट किया जा रहा है। यशलोक के पास स्थित पेट्रोल पंप पर आम दिनों की तरह ही पेट्रोल वितरण जारी मिला। पंप कर्मचारियों का कहना है कि स्टॉक की अभी कोई कमी नहीं है। कचहरी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर भी अन्य दिनों की तरह स्थिति सामान्य थी। यहां मशीन कम होने के बाद भी भीड़ जैसे हालात नहीं थे। वहीं गंगानगर थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव स्थित पेट्रोल पंप पर भी कुछ खास असर नहीं दिखा। मेरठ कॉलेज स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर भी स्थिति सामान्य है। वहां लोग आराम से पेट्रोल ले रहे है। कोई अफरा तफरी का माहौल नहीं है। जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह का कहना है की जिले में पेट्रोल ,डीजल और एलपीजी के स्टॉक में कोई कमी नहीं है। शहरवासियों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चेतवानी देते हुए कहा की सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फ़ैलाने वालों की निगरानी की जा रही है। यदि कोई पेट्रोल ,डीजल और एलपीजी की काला बाज़ारी करते हुए मिलता है तो उसके खिलाफ कारवाई की जाएगी।

Leave a Reply