कानपुर क्लब के इतिहास में रविवार का दिन महत्वपूर्ण रहा, जब भारत के 14वें पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को क्लब का प्रथम मानद सदस्य बनाकर सम्मानित किया गया। यह गरिमामयी समारोह क्लब के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद थीं। क्लब के अध्यक्ष आरसी सेठ और सचिव ऋषि कात्याल ने राम नाथ कोविंद को औपचारिक सदस्यता प्रदान की और उन्हें सदस्यता कार्ड सौंपा। इस अवसर को क्लब के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय माना जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पूर्व राष्ट्रपति के चित्र का अनावरण रहा। क्लब प्रबंधन ने बताया कि यह चित्र राष्ट्र निर्माण में उनके उत्कृष्ट योगदान और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है, जो उनके प्रति सम्मान और प्रेरणा दर्शाता है। इस विशेष आयोजन में कई गणमान्य लोग शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक अजय कपूर और कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे। अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर एम.एस. जामवाल (स्टेशन कमांडर, कानपुर छावनी), एयर कमोडोर पी.के. नरेन्द्र (एओसी, एयरफोर्स स्टेशन कानपुर), वित्त निदेशक तनवीर सिंह लांबा और बार एवं मेस निदेशक हरपिंदर सिंह “सोनू” छाबड़ा भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान उपस्थित सभी वक्ताओं ने कोविंद के नेतृत्व, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका मानद सदस्य बनना न केवल क्लब बल्कि पूरे कानपुर के लिए गर्व का विषय है। गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कानपुर से गहरा जुड़ाव रहा है और वे समय-समय पर शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। कानपुर क्लब में कानपुर की कई बड़ी हस्तियां सदस्य हैं, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी शामिल हैं। कार्यक्रम का समापन पूर्व राष्ट्रपति को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक अवसर को लंबे समय तक यादगार बताया।

Leave a Reply