वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों के विषम सेमेस्टर के छात्रों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि आज, 25 मार्च है। विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 13 अप्रैल से प्रस्तावित हैं। आज के बाद ऑनलाइन आवेदन पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। महाविद्यालय 26 मार्च तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कई महाविद्यालयों और संस्थानों ने अभी तक विषम सेमेस्टर के आंतरिक, सेशनल और वोकेशनल परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए हैं। इस वजह से परिणाम घोषित करने में समस्या आ रही है। डॉ. सिंह ने इस स्थिति को छात्रहितों के विपरीत बताते हुए चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित महाविद्यालयों और संस्थानों को अंतिम बार सचेत करते हुए 25 मार्च तक सभी छात्रों के अंक अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया है। निर्देशों का पालन न करने पर अंक अपलोड करने का पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय की होगी और पोर्टल बंद होने के बाद किसी भी महाविद्यालय को अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा। इसके अतिरिक्त, स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए) और स्नातकोत्तर (एमए, एमएससी, एमकॉम) सम सेमेस्टर सत्र 2025-26 में प्रवेशित छात्रों को भी परीक्षा फॉर्म भरकर शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply