शामली जनपद की सदर कोतवाली पुलिस ने पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 लाख 20 हजार रुपये नकद, ज्योतिष से संबंधित किताबें और डिग्रियां बरामद की हैं। ये आरोपी एक व्यापारी से ठगी के मामले में फरार चल रहे थे। यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के नया बाजार का है। आरोपियों ने झाड़-फूंक के बहाने एक व्यापारी के घर से सोने के आभूषण इकट्ठा किए और धोखाधड़ी कर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ गंगा शरण (निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, हापुड़), श्रीनिवास उर्फ गोपाल शरण (निवासी चंडौस, अलीगढ़), शंकर (निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, हापुड़) और जतन (निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, हापुड़) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 लाख 20 हजार रुपये की नकदी, एक बैग, दो ज्योतिष की डिग्रियां, एक ज्योतिष पत्रिका और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि यह गिरोह पेशेवर ठगों का है, जो लोगों को पूजा-पाठ के नाम पर निशाना बनाता था। आरोपी एक महीने के भीतर सोने-चांदी के आभूषण बदल देते थे और फिर उन्हें बेचकर पैसे जमा करते थे। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply