DniNews.Live

पुलिस मॉडर्न स्कूल में नए सत्र का शुभारंभ:विद्यारंभ संस्कार के साथ विद्यार्थियों का फूल वर्षा से स्वागत

कानपुर के श्यामनगर स्थित 37वीं वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल में बुधवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। सेनानायक बी.बी. चौरसिया की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में ‘विद्यारंभ संस्कार’ के साथ विद्यार्थियों का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया, जिससे स्कूल परिसर उत्सवमय हो गया। इस अवसर पर विद्यालय की नवनियुक्त प्रधानाचार्या मीनू शुक्ला ने विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। उन्होंने विद्यालय को व्यावहारिक शिक्षा और आधुनिक शिक्षण पद्धति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। नवीन सत्र के पहले दिन स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। सेनानायक और प्रधानाचार्या ने बच्चों को गुलाब का फूल भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान विद्यालय परिसर में तैयार किया गया ‘फ्लाइट PMS-2026’ थीम आधारित सेल्फी पॉइंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ‘डेस्टिनेशन: उज्ज्वल भविष्य’ और ‘किराया: जीरो फी’ जैसे संदेशों के साथ बनाए गए प्रॉप्स ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रभावित किया। वहीं, ‘रट्टा-मार अरेस्टेड’, ‘फ्यूचर IPS’, ‘100% प्रैक्टिकल’, ‘सुपर ब्रेन एक्टिवेटेड’ और ‘मिशन: उज्ज्वल भविष्य’ जैसे नारों के माध्यम से बच्चों को रट्टा आधारित शिक्षा से दूर रहकर व्यावहारिक ज्ञान और बड़े सपनों की ओर प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेनानायक ने सभी शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यावहारिक शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और व्यवहार को भी विकसित करने वाली होनी चाहिए। समारोह के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि पुलिस मॉडर्न स्कूल अनुशासित, आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने की दिशा में अग्रसर है। इस अवसर पर चंद्रेश्वर, रावेंद्र चौधरी, शिवांशु द्विवेदी, रामेंद्र सिंह और राहुल यादव सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *