मुजफ्फरनगर में पुलिस मॉडर्न स्कूल में सोमवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी संजय कुमार वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ भी मौजूद थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने ओलंपियाड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्हें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ प्रशस्ति पत्र दिए गए। नर्सरी से कक्षा 8 तक अपनी-अपनी कक्षाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बच्चों से संवाद किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने छात्रों को जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने और समाज व राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता होते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही बच्चे सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply