पुलिस पर हमला करने वाले दो युवक गिरफ्तार:विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची थी टीम

पुलिस पर हमला करने वाले दो युवक गिरफ्तार:विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची थी टीम
बहराइच में नगर कोतवाली पुलिस ने पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस दल पर हुए हमले के बाद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने दोनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया। यह घटना शनिवार देर रात नगर कोतवाली के किला इलाके में हुई। दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर उप निरीक्षक विशेष सिंह अपने हमराह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद कर रहे बरकत उल्ला और नजीर ने पुलिसकर्मी पर डंडे से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। रविवार को नगर कोतवाल प्रदीप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी त्रिमुहानी रोड के पास मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक अजेश कुमार, अशोक कुमार, अमर बहादुर मिश्रा और आरक्षी शाहरुख खान, पंकज गुप्ता व संदीप पाल की टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी बरकत उल्ला पर पहले भी मारपीट समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

