DniNews.Live

पुलिस पर प्राइवेट विद्युतकर्मी को थर्ड डिग्री देने काआरोप:अमेठी में भीम आर्मी पहुंची पीड़ित के घर, राष्ट्रीय अध्यक्ष से कराई बात

अमेठी में जामो पुलिस पर एक प्राइवेट विद्युतकर्मी को थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। युवक और उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई और बिजली का करंट भी दिया गया। घटना के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता पीड़ित के घर पहुंचे और उसकी बात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से कराई। हालांकि, थाना प्रभारी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। यह पूरा मामला जामो थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव का है। गांव निवासी खुशीराम, जो एक प्राइवेट विद्युतकर्मी है,का आरोप है कि तीन दिन पहले पुलिस उसे घर से उठाकर थाने ले गई। परिजनों का आरोप है कि थाने में उसे जमकर पीटा गया और विद्युत करंट भी लगाए गए, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक दिन बाद जब परिजन थाने पहुंचे, तो उन्हें डांटकर भगा दिया गया। दो दिन बाद पुलिसकर्मियों ने युवक के भाई को फोन कर जिला अस्पताल बुलाया और खुशीराम को परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पास के गांव में पांच दिन पहले हुई ट्रांसफार्मर से तार चोरी की घटना के सिलसिले में खुशीराम को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने थर्ड डिग्री के आरोपों को नकारते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान खुशीराम ने घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि खुशीराम के शरीर पर चोट के निशान पहले के हैं और पुलिस द्वारा किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है। वहीं, घटना के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता पीड़ित के घर पहुंचे और उसकी आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से वीडियो कॉल पर बात कराई। चंद्रशेखर आजाद ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जिले में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *