बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध को पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस विभाग में एक नई साइबर अपराध इकाई का गठन किया गया है। यह इकाई अपराधियों पर नकेल कसने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उपमुख्यमंत्री रविवार को पटना स्थित बीएमपी-5 के मिथिलेश स्टेडियम में बिहार पुलिस सप्ताह–2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पुलिस बल को राज्य में कानून का राज कायम रखने की जिम्मेदारी याद दिलाई। सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार पुलिसिंग को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है, जिससे जांच और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। लंबित पुलिस लाइन निर्माण कार्य जल्द होगा पूरा गृह मंत्री ने लंबित पुलिस लाइन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए जनसहयोग को आवश्यक बताया और पुलिस को जनता के साथ विश्वास का रिश्ता मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर डीजीपी विनय कुमार ने भी जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग लोगों के बीच भरोसा कायम करने से ही संभव है, जिससे कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। 22 से 27 फरवरी तक मनेगा बिहार पुलिस सप्ताह बिहार पुलिस सप्ताह इस वर्ष 22 से 27 फरवरी तक राज्यभर में मनाया जाएगा। इस दौरान मुख्यालय से लेकर सभी जिलों में पुलिस-पब्लिक संवाद, जनजागरूकता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ज्वलंत सामाजिक मुद्दों जैसे महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा पर प्रभातफेरी, बाइक शो, साइकिल रैली, मैराथन, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी। स्थानीय स्कूल-कॉलेज की छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। स्वच्छ थाना होंगे सम्मानित पुलिस सप्ताह के दौरान सभी थाना और ओपी में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक जिले में तीन सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ थाना व ओपी को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। नेपाल सीमा से सटे जिलों में एसएसबी के साथ संयुक्त सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
https://ift.tt/yfS6uOJ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply