मऊ जनपद के बकवल स्थित पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों के पुलिस प्रशिक्षण की इनडोर परीक्षा का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक इलामारन ने किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों का दौरा कर भर्ती आरक्षियों की उपस्थिति, प्रश्न पत्र वितरण प्रणाली और परीक्षा की पारदर्शिता का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और समुचित प्रबंधन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को समाप्त किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और अब तक किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है।

Leave a Reply