मेरठ- बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार सांगवान ने शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात कर रजवाहा पटरी मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठाई। सांसद ने मेरठ से पुरा महादेव मंदिर तक जाने वाले राईट सलावा माइनर की चौड़ाई 3 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
सांसद ने बताया कि सिंचाई विभाग के मेरठ खंड गंगनहर के अंतर्गत आने वाला यह मार्ग ग्राम नावला की कोठी से रार्धना, पाली, कालंद, सरूरपुर और करनावल होते हुए पुरा महादेव मंदिर तक पहुंचता है। यह मार्ग धार्मिक और यातायात दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में हरिद्वार से लाखों कांवड़िये जल लेकर पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने आते हैं। इसके अलावा यह मार्ग करनाल-मेरठ हाईवे और मेरठ-बागपत-सोनीपत हाईवे से जुड़ा होने के कारण किसानों और भारी वाहनों के आवागमन का भी प्रमुख रास्ता है। वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई मात्र 3 मीटर होने से कांवड़ियों और आम लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। सांसद ने जनहित और क्षेत्रीय विकास को देखते हुए इस मार्ग को 7 मीटर चौड़ा कराने की आवश्यकता बताई, जिससे श्रद्धालुओं, किसानों और वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।

Leave a Reply