![]()
पुरा महादेव कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण की मांग:श्रद्धालु बोले- 7 मीटर तक चौड़ी सड़क बने, आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरनगर में प्राचीन पुरा महादेव कांवड़ मार्ग की बदहाली को लेकर लोगों में गुस्सा है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने मार्ग के तत्काल चौड़ीकरण की मांग की है, चेतावनी दी है कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करेंगे। यह मार्ग नावला की कोठी से शुरू होकर बडसू, सिकन्दरपुर, मुजाहिदपुर, भूपखेड़ी, खेड़ा, पाली, कालन्द, सुरूरपुर और करनावल होते हुए पुरा महादेव सिद्धपीठ तक जाता है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख धार्मिक मार्ग है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के अनुसार, यह मार्ग माइनर नहर की पटरी से गुजरता है, जो वर्तमान में बेहद संकरा और जर्जर है। कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई बहुत कम होने के कारण हर साल कांवड़ यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। एक अनुमान के मुताबिक, प्रतिवर्ष कांवड़ मेले के दौरान लगभग 25 लाख से अधिक कांवड़िये इस मार्ग से गुजरते हैं। इससे मार्ग पर भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का तत्काल कम से कम 7 मीटर तक चौड़ीकरण किया जाए और इसका पूरी तरह से पुनर्निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि यह मार्ग केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय आवागमन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने की अपील की है। प्रदर्शन के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) पर लापरवाही का आरोप भी लगाया गया।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply