DniNews.Live

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला:घायल मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती, भाई ने दी तहरीर

कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मथौली के वार्ड नंबर 10 फरदहा के टोला बारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। युवक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुई। फरदहा के टोला बारीगांव निवासी मोहित पासवान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके भाई रोहित पासवान अपने दरवाजे पर बैठे थे। तभी गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान विष्णु पासवान ने रोहित के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। घायल रोहित को तुरंत एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल पडरौना रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पडरौना से भी उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रोहित के भाई मोहित पासवान ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *