पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत बुधवार को पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने प्राथमिक विद्यालय टहा पोटा का दौरा किया। नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। विद्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नए सत्र के पहले दिन आए छात्र-छात्राओं का फूल-मालाएं पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों को नए सत्र की पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का मार्ग है और छात्रों को नए सत्र में पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा पर ध्यान दें। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को उनकी भूमिका के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल स्कूल परिसर तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्र के गांवों और मजरों में जाकर अभिभावकों से सीधा संपर्क स्थापित करें ताकि बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply