पीलीभीत जनपद में रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह घटना सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह सेहरामऊ रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने रेलवे पटरी के किनारे एक क्षत-विक्षत शव देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक के शरीर पर चोट के निशान और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए, पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे ट्रेन से गिरने का मामला माना है। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि युवक बीती रात किसी ट्रेन से यात्रा कर रहा था और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply