पीलीभीत में ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) अभियान के तहत शनिवार को एक बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को समर्पित थी। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने पुलिस लाइन परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों जैसे नकटादाना चौराहा, गौहनिया चौराहा और छतरी चौराहा से गुजरी। इसका समापन असम चौराहे पर हुआ। देखें, 5 तस्वीरें… रैली के दौरान “महिलाओं का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे नारे लगाए गए, जिसका उद्देश्य आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
इस रैली में जनपद की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त महिला उपनिरीक्षकों, महिला मुख्य आरक्षियों और महिला आरक्षियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पीआरवी (PRV) पर तैनात कर्मियों ने भी इसे सफल बनाने में योगदान दिया। शहरवासियों ने सड़क किनारे खड़े होकर महिला पुलिस बल का उत्साहवर्धन किया।
रैली के दौरान सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, क्षेत्राधिकारी नगर एवं यातायात सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अभियान के इस दूसरे चरण में पुलिस प्रशासन का मुख्य ध्यान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिला हेल्पडेस्क को सक्रिय करने पर है। इसका उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना भी है। इस आयोजन ने पीलीभीत में नारी शक्ति के सामर्थ्य को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply