पीलीभीत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने नई जिला कार्यकारिणी का औपचारिक परिचय मीडिया से कराया। इस दौरान उन्होंने संगठन की संरचना, आगामी लक्ष्यों और पार्टी की एकजुटता पर विस्तार से चर्चा की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया गया है। उन्होंने बताया कि टीम में समाज के हर वर्ग और तबके को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र साकार हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन में कर्मठ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है। जो कार्यकर्ता लंबे समय से धरातल पर सक्रिय थे, उन्हें नई जिम्मेदारियों के साथ पदोन्नत किया गया है। इससे उनका मनोबल बढ़ा है और पार्टी में मेहनत को उचित सम्मान मिलता है। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए गोकुल मौर्य ने बताया कि नई कार्यकारिणी में महिलाओं को महत्वपूर्ण और निर्णायक पदों पर स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में महिला शक्ति की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने इसे विपक्ष की अफवाह बताया और कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है। अगर कहीं कोई असंतोष है तो उसे आपसी संवाद से दूर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतरेगी। मिशन 2027 पर फोकस
जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करना है।

Leave a Reply