पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोवल पतीपुरा में पांच दिन पहले हुए खूनी संघर्ष में घायल युवक रवि प्रकाश (30) की बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद जमीन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश का परिणाम है। गांव के पूर्व प्रधान स्वर्गीय राम सिंह यादव ने अपनी 10 बीघा जमीन अपनी बड़ी बेटी अनीता देवी के नाम वसीयत कर दी थी। जिसके बाद से उनके भतीजों और परिवार के बीच विवाद बना हुआ था। 27 मार्च को रवि प्रकाश, उसके पिता ओम शंकर और भाई बृजेश कुमार खेत में पानी लगा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान मुनेंद्र पाल यादव अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर और धारदार हथियार लेकर पहुंचा और जबरन कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। संघर्ष के दौरान रवि प्रकाश के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार किया गया। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया था। पांच दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले ही दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली थी। अब युवक की मौत के बाद मामले में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। थानाध्यक्ष बीसलपुर संजीव कुमार ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply