पीलीभीत के पूरनपुर नगर में रविवार शाम एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से पास खड़े अन्य वाहनों को हटाकर बड़ा हादसा टाल दिया गया।
पूरनपुर के मोहल्ला सरवनपुरी में रविवार दोपहर करीब चार बजे अचानक खड़ी कार से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना के समय छुट्टी का दिन होने के कारण मोहल्ले में लोगों की आवाजाही थी। कार में लगी आग की भयावहता देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग दहशत में बाहर निकल आए। आसमान में धुएं का गुबार फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार के पास कई अन्य वाहन भी खड़े थे। आग फैलने की आशंका को देखते हुए मोहल्लेवासियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए अन्य गाड़ियों को वहां से हटा दिया। लोगों ने जान जोखिम में डालकर वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें कार में लगी भीषण आग और लोगों की भागदौड़ साफ देखी जा सकती है।
घटना के बाद देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कार किसकी थी और वहां कैसे खड़ी थी। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा है।

Leave a Reply