जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 28 और 29 मार्च को दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘भारतीय कॉर्पोरेट कार्यप्रणाली में उभरते मुद्दे और चुनौतियां’ (EICCPI-2026) का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में संगोष्ठी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर कुलपति ने संगोष्ठी के आधिकारिक ब्रोशर का विमोचन भी किया। कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में कॉर्पोरेट जगत और उसकी कार्यप्रणाली तेजी से बदल रही है। यह संगोष्ठी शोधार्थियों को नए तकनीकी और प्रबंधकीय बदलावों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। दो दिवसीय आयोजन संगोष्ठी के संयोजक प्रोफेसर अविनाश डी. पाथर्डीकर ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ अपने शोध पत्र और विचार साझा करेंगे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कॉर्पोरेट क्षेत्र की समसामयिक चुनौतियों पर गंभीर विमर्श करना है। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समीक्षा बैठक में प्रोफेसर प्रमोद कुमार, प्रोफेसर मुराद अली, आयोजन सचिव डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. रसिकेश, डॉ. आलोक कुमार गुप्ता और डॉ. सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply