![]()
पीएम श्री विद्यालय में वार्षिक उत्सव मनाया गया:बच्चों ने पहलगाम अटैक और ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्तुतियां दी
कुशीनगर जिले के रामकोला विकास खंड के खोटही स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में नए शिक्षण सत्र के नामांकन एवं वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और बच्चों द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें सैकड़ों अभिभावकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधायक विनय प्रकाश गौड़, जिले की मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य, एसडीएम कप्तानगंज, खंड शिक्षा अधिकारी रामकोला सहित जिले भर के शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम सोमवार शाम 4 बजे शुरू होकर रात 8 बजे तक चला, जिसमें कुल 12 प्रस्तुतियां दी गईं। पहले कार्यक्रम की 10 तस्वीरें देखिए…
पहलगाम अटैक और ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्तुतियां दी गईं
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति पर आधारित पहलगाम अटैक और ऑपरेशन सिंदूर, भक्ति के प्रतीक प्रह्लाद और मीरा के जीवन प्रसंग, कव्वाली, महंगाई और भ्रष्टाचार पर व्यंग्यात्मक प्रस्तुतियां प्रमुख रहीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक सूर्य प्रताप, अमित कुमार, प्रमोद सिंह यादव, महेश पाल और दिनेश चौबे की अहम भूमिका रही। इनके साथ नीलम साहनी, गुंजा भास्कर, मोनी, सोनी और एजुकेटर रीमा पाल का योगदान भी सराहनीय रहा। शिक्षकों की कमी को लेकर अधिकारियों से बात की
इस दौरान शिक्षक सूर्य प्रताप ने अधिकारियों को अवगत कराया कि बीते एक दशक में विद्यालय में छात्रों की संख्या 60 से बढ़कर 650 से अधिक हो गई है। हर वर्ष सैकड़ों छात्र जिला और प्रदेश स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। हालांकि, नए नामांकन हर साल 100 से अधिक होने के बावजूद शिक्षकों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है, जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इस पर बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य ने कहा कि समायोजन प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी पूरी कर दी जाएगी। वहीं, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई वार्षिक उत्सव देखे हैं, लेकिन यहां शिक्षकों की रचनात्मकता और बच्चों की मेहनत सराहनीय है। पुलवामा और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुतियों ने भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से मुख्यमंत्री के “हर बच्चे को शिक्षित करने” के संकल्प को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई। विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने कहा कि इस तरह के आयोजन से अभिभावकों और बच्चों के मन में सरकारी विद्यालयों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। कायाकल्प योजना से विद्यालयों का स्वरूप बदला है और ऐसे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने का कार्य करेंगे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply