समस्तीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास योजना) से छूटे लोगों के नाम सूची में शामिल करने की मांग को लेकर भाकपा-माले ने धरना दिया। यह धरना मालती पंचायत भवन के सामने आयोजित किया गया। भाकपा-माले ने मालती पंचायत कमेटी के बैनर तले कई मांगें रखीं। इनमें पीएम आवास योजना में शामिल लोगों के नाम सार्वजनिक करना, सैकड़ों छूटे हुए नामों को सूची में शामिल करना, और मालती, भगवानपुर देसुआ और नाजिरपुर सहित अन्य पंचायतों के छूटे नामों को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्तर पर तत्काल प्रभाव से सूची में जोड़ना शामिल है। संगठन ने दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर हो रही घुसखोरी पर रोक लगाने, बढ़ते भूमि विवादों को भौतिक सत्यापन के आधार पर हल करने और जिला परिषद क्षेत्र संख्या-28 में योजना कार्यान्वयन के लिए चयनित स्थल पर जमीन उपलब्ध कराने की भी मांग की। धरने को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, जिला स्थायी कमेटी सदस्य महावीर पोद्दार और फूलबाबू सिंह ने आरोप लगाया कि पीएम आवास योजना की सूची के सत्यापन के बदले इच्छुक परिवारों से हर पंचायत में मोटी रकम वसूली गई है। इसके बावजूद मालती, भगवानपुर देसुआ और नाजिरपुर पंचायत के कई लोगों के नाम सत्यापन सूची से गायब हैं। भूख हड़ताल करने की दी चेतावनी माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छूटे हुए सैकड़ों लोगों के नाम तत्काल प्रभाव से शामिल नहीं किए गए, तो 23 फरवरी से अंचल कार्यालय के सामने होने वाली भूख हड़ताल में इन मांगों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले पांच साल में उजियारपुर प्रखंड के किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, इसलिए प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से एक भी गरीब परिवार का नाम नहीं छूटना चाहिए। इस एकजुटता सभा में स्थानीय जिला पार्षद रिंकी कुमारी भी मौजूद थीं। सभा की अध्यक्षता मालती के उपसरपंच सुधांशु प्रियदर्शी ने की। प्रखंड कमेटी सदस्य दिलीप कुमार राय, अर्जुन दास, शमीम मंसूरी, विजय कुमार राम, धनंजय प्रकाश, मो. उस्मान, मधुकर कुमार, रामदुलार सिंह और मो. अलाउद्दीन सहित कई अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
https://ift.tt/NKSkjDP
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply