शहर में गैस की किल्लत के बीच पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की मांग तेजी से बढ़ रही है। पीएनजी उपभोक्ताओं को अब अपना एलपीजी सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूटर के पास जमा कर सरेंडर करना होगा। इस संबंध में सीयूजीएल (सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड) की ओर से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मैसेज भेजे गए हैं। शहर में करीब 1.25 लाख पीएनजी उपभोक्ता हैं, जिन्हें यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कंपनी का कहना है कि सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार सिलेंडर को सरेंडर कराया जा रहा है। यह पुराना नियम है लेकिन सरकार ने इसको एक बार फिर से लागू करने को कहा है। रोजाना आ रहे 15 आवेदन गैस किल्लत के चलते अब बड़ी संख्या में लोग पीएनजी कनेक्शन की ओर रुख कर रहे हैं। सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर मुही खान ने बताया कि पहले रोजाना 1-2 लोग ही कनेक्शन के लिए आते थे, लेकिन पिछले 15 दिनों में यह संख्या बढ़कर करीब 15 प्रतिदिन हो गई है। कंपनी की ओर से 31 मार्च तक विशेष योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत 5 हजार रुपए में पीएनजी कनेक्शन दिया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता तेजी से आवेदन कर रहे हैं। सिलेंडर के लिए सुबह से लाइन में लग रहे बताते चलें कि कि शहर में गैस आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जिले भर की गैस एजेंसियों पर सुबह से सिलेंडर लेने के लिए लोग लाइन में लग रहे हैं लेकिन इसके बाद भी उनको सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पीएनजी कनेक्शन को सुविधाजनक और भरोसेमंद विकल्प माना जा रहा है। गैस सिलेंडर का संकट शुरु होने के बाद से अभी तक पीएनजी कनेक्शन धारकों को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है।

Leave a Reply