शिवहर के पिपराही थाना परिसर में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक (एसपी) शैलेश कुमार सिन्हा ने विभिन्न पंचायतों और वार्डों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, शराबबंदी निगरानी, रात्रि गश्ती और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस दौरान साइबर क्राइम से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। एसपी ने लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ने पर ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने पिपराही थाना प्रभारी को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने, लोगों से संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याएँ सुनने का निर्देश दिया। एसपी ने थाना प्रभारी को शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए भी कहा। उन्होंने 112 इमरजेंसी सेवा की प्रतिक्रिया के बारे में भी पूछा, जिस पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बताया कि 112 वाहन की प्रतिक्रिया तत्काल होती है। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं बताईं, जिन पर एसपी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उपस्थित लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़ते हैं। पिपराही थाना प्रभारी उमाकांत सिंह ने बताया कि विभिन्न गांवों से आए लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। उन्होंने साइबर क्राइम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी और लोगों के मोबाइल में आवश्यक सेटिंग्स भी करवाईं। इस संवाद कार्यक्रम में डीएसपी सुनील कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी भाई भारत, एसडीपीओ सुशील कुमार और पिपराही थाना प्रभारी उमाकांत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे। इनमें मेसौढ़ा मुखिया तेज नारायण साह, समाजसेवी रामबाबू गुप्ता, सरपंच विनोद कुशवाहा और अमित चौहान उर्फ दीपू सिंह प्रमुख थे।
https://ift.tt/SMWEyQ3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply