DniNews.Live

पिता के तमंचे से बेटी को लगी थी गोली:बिजनौर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया, अवैध तमंचा बरामद

बिजनौर में ईद मनाकर लौट रहे परिवार पर कथित फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि छह वर्षीय बच्ची को लगी गोली किसी अज्ञात हमलावर की नहीं, बल्कि उसके पिता के तमंचे से चली थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर अवैध तमंचा बरामद कर लिया है। यह घटना बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र की है। नरूल्लापुर हफीज निवासी शौकीन अपनी पत्नी, तीन वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी राहत के साथ शनिवार को गांव बादशाहपुर में रिश्तेदारी में ईद मनाने गए थे। रात करीब 8:30 बजे बाइक से लौटते समय गांव के पास रास्ते में गोली चलने की सूचना मिली थी। परिजनों ने पहले आरोप लगाया था कि अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ईख के खेत से उन पर गोली चलाई। यह गोली बाइक पर बैठी बालिका राहत के पैर में लगी थी। घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि गोली उसके पैर के आर-पार हो गई थी। बालिका का इलाज अभी भी जिला अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पिता शौकीन से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में शौकीन ने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद तमंचे से गलती से फायर हो गया था। यह गोली उसकी पुत्री राहत के पैर में जा लगी। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामप्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पिता शौकीन को 315 बोर के तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा फायरिंग की बात सही नहीं पाई गई है।
थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि घायल बालिका राहत ने बताया कि वह रिश्तेदारी में ईद मिलकर लौटते समय बाइक पर बीच में बैठी थी। उसके पापा ने बेल्ट में गन लगा रखी थी। इस दौरान उसका हाथ लगने से गोली चल गई और उसके पैर में लग गई थी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *