क्राइम रिपोर्टर| बेगूसराय नव वर्ष पर कावर झील से सेलिब्रेशन कर बाइक से लौट 3 दोस्त हादसे के शिकार हो गए। इस दर्दनाक हादसे में गौरव कुमार की मौके पर मौत हो गई। वहीं प्रेमचंद और सुबोध कुमार जख्मी हो गए। मृतक युवक नयागांव थाना क्षेत्र के हांसपुर निवासी गौरव कुमार है। हादसे में प्रेमचंद की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सुबोध कुमार को मामूली चोट लगी है। यह हादसा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एसएस-55 पर हरदिया गांव के समीप हुई। स्थानीय लोग ने हाईवा और उसके चालक को पकड़ कर मुफ्फसिल पुलिस को सौंप दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। दोनों घायलों का इलाज जारी है। एक ही बाइक से काबर घूम कर लौट रहे थे जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक से काबर झील घूमने गए थे। लौटते समय हरदिया मध्य विद्यालय के पास तेज रफ्तार बाइक ने एक हाइवा ट्रक को ओवरटेक किया। ओवरटेक करते ही सामने चल रहे ठेले से बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दो युवक दूर जा गिरे, जबकि गौरव सड़क पर गिर पड़ा। उसी दौरान पीछे से आ रहे हाइवा ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने पीछा कर कंकौल के पास हाइवा ट्रक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन शुरुआती तौर पर मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी। बाद में अस्पताल में छानबीन के दौरान पहचान की पुष्टि हुई। गौरव अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसके पिता राजाराम पंडित मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्पीड ब्रेकर था तो कम होते थे हादसे लोगों का कहना है कि इस स्थान पर हर महीने तीन से चार हादसे होते हैं। पहले यहां स्पीड ब्रेकर था, जिससे हादसे कम होते थे, लेकिन पिछले साल उसे तोड़ दिया गया। स्पीड ब्रेकर हटने के बाद से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
https://ift.tt/jAFd53s
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply