पिकनिक मनाने आए चार छात्र डैम में डूबे…दो की मौत:झांसी में दो को चरवाहे ने बचाया, चारों एक नाव में सवार थे
![]()
पिकनिक मनाने आए चार छात्र डैम में डूबे…दो की मौत:झांसी में दो को चरवाहे ने बचाया, चारों एक नाव में सवार थे
झांसी के प्रेम नगर क्षेत्र स्थित गढ़िया रेलवे डैम में पिकनिक मनाने गए 11वीं कक्षा के चार छात्रों में से दो की डूबने से मौत हो गई। दो अन्य छात्रों को पास ही बकरियां चरा रहे एक चरवाहे ने बचा लिया। सभी छात्र माउंट लिटरा ज़ी स्कूल के थे। छात्र शाम करीब 4 बजे घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे। वे अपनी मोटरसाइकिलों से अठोदना गांव होते हुए सीधे रेलवे डैम पहुंचे। डैम पर पहुंचने के बाद चारों एक नाव में सवार होकर बीच डैम की ओर जाने लगे। बीच डैम में पहुंचने पर चारों छात्र डूबने लगे। गांव के कल्लू केवट ने उन्हें डूबते देखा। कल्लू ने पास पड़ी नाव की मदद से श्रवण तिवारी (19, पुत्र विजय तिवारी, निवासी महावीरन) और शौर्य (18, पुत्र वेदांत चंद्र, निवासी लहर गिर्द) को डूबने से बचा लिया। हालांकि, वेदांश यादव (18, पुत्र विश्वजीत यादव, निवासी प्रेम गंज) और आतिफ मंसूरी (19, पुत्र शहजाद, निवासी नूरनगर नगरा) को नहीं बचाया जा सका और उनकी मौत हो गई। स्थानीय अचुंधरा गांव के कल्लू केवट ने बताया कि वह घटना स्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर बकरियां चरा रहा था। छात्रों के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह तुरंत पास रखी नाव से पहुंचा और दो छात्रों को बचाने में सफल रहा, लेकिन अन्य दो को नहीं बचा सका। मृतक वेदांश यादव की मां रजनी यादव कृषि विभाग में भू-संरक्षण क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। वेदांश के पिता की मृत्यु एक सड़क दुर्घटना में तब हो गई थी जब वह मां के गर्भ में था। उसकी एक बड़ी बहन कशिश (22 वर्ष) है। वेदांश अपने घर का इकलौता पुत्र था। वहीं, दूसरे मृतक आतिफ मंसूरी के पिता शहजाद रेलवे में ठेके पर काम करते हैं। आतिफ भी अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। घटना के समय उसके पिता नमाज पढ़ने गए थे और आतिफ दोस्त के घर खाना खाने निकला था। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकार सदर और क्षेत्राधिकार सिटी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
