DniNews.Live

पालीवाल पार्क में अराजक तत्वों का उत्पात:तोड़फोड़ और नुकसान किया, पुलिस मामले की जांच में जुटी

शहर के प्रमुख पालीवाल पार्क में अराजक तत्वों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए जमकर तोड़फोड़ की। बीती रात दर्जन भर से अधिक युवकों ने ग्रिल फांदकर पार्क में प्रवेश किया और ईको क्लब, सहयोग वाटिका, योगा प्वाइंट सहित कई स्थानों पर भारी नुकसान पहुंचाया। सूचना के अनुसार, पीर कल्याणी क्षेत्र के तीन लड़के एक दिन पहले ही पार्क में आकांक्षा समिति द्वारा लगाये गये पौधों के क्षेत्र में लगे सुरक्षा खंभों को तोड़ रहे थे। सुरक्षा गार्ड ने रोका तो झगड़े पर आमाद हो गये। गार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को थाने ले गई, लेकिन इनके परिजनों के माफी मांगने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया था। गार्ड का कहना है कि बाद में इन्हीं युवकों ने पार्क को तहस-नहस करने की धमकी दी थी। बीती रात दर्जन भर से अधिक अराजक तत्व ग्रिल फांदकर पार्क में घुसे और जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने बेंचों को तोड़ डाला, पानी की टंकियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों को उखाड़ दिया और यहां तक कि सबमर्सिबल पंप के स्टार्टर को तोड़ने के साथ ही बिजली की लाइनें भी उखाड़ फेंकीं। पालीवाल पार्क के इंसपेक्टर शिव कुमार ने बताया कि कल रात की घटना के बारे में सुरक्षा गार्डों ने उसी समय पुलिस को सूचना दे दी थी। अब वे इस घटना के बारे में अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम कार्यवाही करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *