साढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भीतरगांव चौकी के खदरी गांव में बुधवार देर शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पालतू कुत्ते को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले तो दोनों ओर से कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। अचानक हुए इस हिंसक झगड़े से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में एक पक्ष से सूरजदीन (60), महेंद्र (22), ननकी (55), रामवीर (32) और करन घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से भूरा (57), गंगासागर (43), संजीव कुमार (25), राजीव कुमार (32) और सुनीता (28) पत्नी राजीव गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीतरगांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद करीब आधा दर्जन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। साढ़ थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply