पानीपत जिले में सीआईए-टू पुलिस टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिसालू रोड से सेक्टर-29 की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक युवक को देसी पिस्तौल सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान हुसैन के रूप में हुई है। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि शनिवार देर शाम पुलिस टीम चौटाला रोड पर गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक रिसालू रोड के पास खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार हो सकता है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान युवक की पैंट की जेब से एक अनलोड देसी पिस्तौल बरामद हुआ। कैराना से खरीदा था शौकिया हथियार पूछताछ के दौरान आरोपी हुसैन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे अवैध हथियार रखने का शौक है। उसने यह पिस्तौल करीब 3 महीने पहले यूपी के कैराना में एक अज्ञात युवक से 15 हजार रुपए में खरीदी थी। शनिवार को वह इसी पिस्तौल को साथ लेकर काम की तलाश में यूपी से पानीपत आया था।

Leave a Reply