पानीपत जिले के गांव गढ़ी बेसिक की एक बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल बुलेट बाइक और सोने के गहनों की मांग की, बल्कि गर्भवती होने के बावजूद महिला के साथ मारपीट की और उसे बिजली का करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की। सनौली थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मेडिएशन सेंटर की रिपोर्ट के आधार पर पति, ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गांव गढ़ी बेसिक निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 17 दिसंबर 2024 को उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव राठौरा निवासी नौशाद के साथ हुआ था। निकाह में पीड़िता के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 10 लाख रुपए खर्च किए थे और दान-दहेज दिया था। लेकिन ससुराल पहुंचते ही ससुर ताहिर और पति नौशाद ने दहेज को कम बताते हुए ताने देने शुरू कर दिए। बुलेट बाइक और 2 तोले की सोने की चेन की मांग पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नौशाद दहेज में मिली प्लेटिना बाइक से खुश नहीं था। उसने बुलेट मोटरसाइकिल, दो तोले की सोने की चेन और एक तोले की अंगूठी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे मायके छोड़ दिया गया। बाद में पिता ने 51 हजार रुपए नकद दिए, जिसके बाद पति उसे वापस ले गया। गर्भवती होने पर भी की मारपीट; करंट लगाने की बनाई योजना महिला ने बताया कि जब वह गर्भवती हुई और उसने पति की अतिरिक्त पैसों की मांग का विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि देवर शहजाद और जेठ इरसाद ने उसे पकड़कर बेड पर गिरा दिया और बिजली का करंट लगाकर जान से मारने की योजना बनाई। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने उसे बचाया। इसके बाद पंचायत भी हुई, जिसमें ससुराल पक्ष ने माफी मांगी, लेकिन बाद में वे फोन पर गर्भ गिराने और जान से मारने की धमकियां देने लगे।

Leave a Reply