बहराइच में पांच दिन से लापता एक ग्रामीण का शव सोमवार को मटेरा थाना क्षेत्र के एक बाग में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बैसवारा ग्राम निवासी विशंभर उर्फ राधे के रूप में हुई है। वह पांच दिन पहले घर से बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नानपारा कोतवाली में दर्ज कराई थी। सोमवार को मटेरा थाना क्षेत्र के पहलादी ग्राम में माता मंदिर के पास स्थित एक आम के बाग में ग्रामीणों ने शव देखा। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मटेरा थाना प्रभारी हरिकेश सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान विशंभर के रूप में होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ग्रामीण का शव मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply