बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने इशारों में लालू प्रसाद को ‘धृतराष्ट्र’ कहा था। इस पर भी नेता प्रतिपक्ष ने प्रतिक्रिया दी है। इधर, भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने होली के मौके पर अपना नया राजनीतिक गीत ‘होलरिया’ रिलीज किया है। इस गाने में उन्होंने होली के बहाने विपक्षी नेताओं पर चुटकी ली है और राहुल गांधी समेत कई विरोधियों पर निशाना साधा है। बिहार की सियासत से जुड़े दिनभर के अपडेट्स नीचे पढ़ें…. तेजस्वी ने CM नीतीश के स्वास्थ्य पर उठाए सवाल तेजस्वी यादव ने विधानसभा की कार्यवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सदन में अपनी सीट के आगे लगे टैब मॉनिटर को उल्टा मोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी ने लिखा, सदन में लगे टैब मॉनिटर को मुख्यमंत्री ने पहले नमस्कार किया, फिर दोबारा नमस्कार किया और फिर मशीन से माफी मांगते हुए उसकी गर्दन मोड़ दी। उसके बाद दूसरे, तीसरे और बाकी मॉनिटर की भी…क्या इतने बड़े सूबे के मुख्यमंत्री की मानसिक सेहत और ऐसा व्यवहार आपको सामान्य लगता है? क्या यह किसी गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं हैं? मनोज तिवारी के ‘होलरिया’ गीत ने छेड़ा सियासी राग भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने होली के अवसर पर अपना नया राजनीतिक गाना ‘होलरिया’ रिलीज किया है। इस गाने में मनोज तिवारी ने होली के बहाने राजनेताओं पर जमकर चुटकी ली है। मनोज तिवारी ने राहुल गांधी समेत अन्य विरोधियों पर निशाना साधा है। मनोज तिवारी के गाने ने सियासी माहौल पूरी तरह ‘फागुनी’ बना दिया है। इस गाने में पीएम मोदी, नितिन नवीन के साथ-साथ राहुल गांधी, ममता बनर्जी और केजरीवाल को भी दिखाया गया है। पूरी खबर पढ़ें… लालू को ‘धृतराष्ट्र’ कहने पर मैथिली पर भड़के तेजस्वी विधानसभा में लालू प्रसाद यादव को ‘धृतराष्ट्र’ और तेजस्वी यादव को ‘दुर्योधन’ कहे जाने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गायिका से विधायक बनीं मैथिली ठाकुर पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने कहा, “कुछ लोग विधायक बनते ही राजनीति का पूरा ज्ञान होने का भ्रम पाल लेते हैं। विधायिका की बुनियादी बातें समझे बिना ही उनमें एक जननायक के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का दुस्साहस आ जाता है।” दरअसल, 2005 से पहले के बिहार का जिक्र करते हुए मैथिली ने सदन में कहा था, “राजा को बिहार रूपी हस्तिनापुर की चिंता नहीं थी। उन्हें केवल अपने ‘दुर्योधन’ की फिक्र थी।” हालांकि, मैथिली ने अपने बयान में न तो लालू प्रसाद यादव और न ही उनकी पार्टी का नाम सीधे तौर पर लिया था, लेकिन उनके बयान को राजद शासनकाल पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है। पैदल चलने वालों के लिए सीएम का बड़ा ऐलान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बिहार के शहरी क्षेत्रों, खासकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फुटपाथ निर्माण का फैसला किया है। इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित स्थानों पर फुटपाथ बनाए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि निगरानी के आधार पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके अलावा, जहां जरूरत होगी वहां फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास के निर्माण का भी निर्देश दिया गया है, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
https://ift.tt/Qzd270i
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply