DniNews.Live

‘पवन सिंह ने गलत तरीके से कमर छुआ’:बदनामी से सीता का रोल छिना; हरियाणवी एक्ट्रेस ने महिला आयोग से शिकायत की

भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह एक बार फिर मुश्किल में फंस गए हैं। हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने कमर छूने के मामले में पवन सिंह के खिलाफ महिला आयोग को शिकायत भेजी है। रैपर सिंगर बादशाह के मामले में हरियाणा महिला आयोग के सख्त रवैये के बाद अंजलि ने शिकायत करने की हिम्मत जुटाई। अंजलि ने ई-मेल के जरिए इस मामले से जुड़े सबूत भी आयोग को भेजे हैं। अंजलि ने कहा, उस दिन लखनऊ में पहले मंच पर पवन सिंह ने गलत तरीके से कमर छुआ। यह अनुचित व्यवहार था। यही नहीं बाद में बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। अंजलि ने आयोग से मांग की है कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर किए गए आपत्तिजनक कमेंट हटवाए जाएं। एक्ट्रेस का कहना है कि इसी वजह से उनका दिल्ली रामलीला में सीता का रोल छिन गया। 29 अगस्त, 2025 की शाम लखनऊ के एक म्यूजिक शो में अंजलि राघव और पवन सिंह की स्टेज परफॉर्मेंस थी। इसी परफॉर्मेंस के दौरान पवन सिंह ने अंजलि की कमर पर हाथ फेरा, जो कैमरे में कैद हो गया था। आयोग को भेजी शिकायत की 7 अहम बातें 1. अपमानजक पोस्ट हटवाए जाएं: सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ चल रहे अपमानजनक पोस्ट और झूठे प्रचार को तुरंत हटवाने के निर्देश दिए जाएं। 2. सीता का किरदार छिन गया: मैं 16 वर्ष की आयु से विभिन्न रामलीलाओं में माता सीता का किरदार निभाती थी। इसी के जरिए पहचान बनाई। इस विवाद के बाद दिल्ली की रामलीला में मेरा यह किरदार छीन लिया गया। 3. लखनऊ कार्यक्रम में हुआ विवाद: कुछ माह पहले मैं अपने एक गाने के प्रमोशन के लिए लखनऊ गई थी। वहां भोजपुरी गायक पवन सिंह ने मंच पर मेरी अनुमति के बिना मुझे छुआ, जिसका वीडियो भी उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 4. इंस्टाग्राम पर उठाई आवाज, मिली माफी: मैंने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इस घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से सार्वजनिक की। इसके बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर मुझसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उस समय लगा मामला शांत हो गया। 5. पीआर टीम ने लगातार धमकियां दी: पवन सिंह की पीआर टीम ने मुझे लगातार धमकियां दीं। कहा गया कि मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाएंगे और बदनाम किया जाएगा। मेरे खिलाफ कई फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट किए गए। कुछ क्षेत्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए मेरे बारे में झूठी कहानियां और अफवाहें भी फैलाई गईं। 6. मानसिक तनाव और सामाजिक बहिष्कार का दावा: इन घटनाओं के कारण मुझे मानसिक पीड़ा और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा। इसका असर मेरे काम पर भी पड़ा। मैं दिल्ली रामलीला में पिछले लंबे समय से माता सीता का किरदार निभाती आ रही थी। मुझसे वो किरदार छीन लिया गया। जो मेरी दिवंगत माता की अंतिम इच्छा से जुड़ा था। कुछ लोगों ने मेरा और परिवार का बहिष्कार किया, जिससे अवसाद की स्थिति में पहुंच गईं। 7. साइबर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की: मैंने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट्स और मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ साइबर पुलिस दिल्ली में शिकायत दी, लेकिन अभी तक आपत्तिजनक सामग्री हटाई नहीं गई है। आयोग आपत्तिजनक पोस्ट और झूठे इंटरव्यू तुरंत हटवाए। साथ ही संबंधित लोगों से सार्वजनिक माफी दिलवाई जाए। अब पढ़िए…कमर छूने से ट्रोलिंग तक की पूरी कहानी 29 अगस्त 2025 की शामः लखनऊ के एक म्यूजिक शो में अंजलि राघव और पवन सिंह की स्टेज परफॉर्मेंस थी। इसी परफॉर्मेंस के दौरान पवन सिंह ने अंजलि की कमर पर हाथ फेरा, जो कैमरे में कैद हो गया। 30 अगस्त सुबह: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। अंजलि ने पहली बार प्रतिक्रिया दी और इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि वह मानसिक रूप से बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह हरकत अनएक्सपेक्टेड थी। शुरुआत में “टैग” समझा, इसलिए स्टेज पर कुछ नहीं बोला। उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने की घोषणा कर दी। 30 अगस्त शामः अंजलि की सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हुई। पुराने गानों की क्लिप काटकर लगाई गई। इसमें उन्हें पोर्न स्टार तक लिखा गया। 31 अगस्त सुबह: पवन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से सार्वजनिक माफी मांगी। लिखा- “मेरा इरादा गलत नहीं था, अगर अंजलि जी को बुरा लगा तो मैं क्षमा मांगता हूं। हम कलाकार हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।” 31 अगस्त दोपहर: अंजलि ने उस माफी को शेयर करते हुए लिखा- “हां, इन्होंने गलती मानी है और मैंने माफ किया।” इसके बाद अंजलि पर पवन सिंह की PR टीम द्वारा स्टोरी एडिट करने का दबाव डाला गया। कहा गया कि “गलती मानी” की जगह सिर्फ “थैंक यू” लिखें। 1 व 2 सितंबरः दो दिन में ही 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम ID से हर एक-दो घंटे बाद मीम्स, वीडियो व स्टोरी शेयर हुईं। जिनमें अंजलि के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां हुईं। 3 सितंबरः अंजलि दिल्ली पुलिस के पास पहुंची। अपने साथ हो रहे घटनाक्रम के बारे में बताया। साथ ही साइबर सेल को 20 से ज्यादा इंस्टा आईडी शेयर की। कौन हैं अंजलि राघव
अंजलि ने हरियाणवी गानों से अपनी पहचान बनाई है। वह बॉलीवुड फिल्म तेवर में भी काम कर चुकी हैं। ‘कैरी-रिश्ता खट्टा मीठा’ नाम की धारावाहिक में भी नजर आई हैं। उन्हें हाय रे मेरी मोटो गाने ने दुनियाभर में पहचान दिलाई है। अंजलि ने कई रीजनल म्यूजिक वीडियोज भी किए हैं। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, और दिल्ली में अंजलि के लाइव शोज होते हैं। अंजलि राघव ने पवन गिल के साथ गाना ‘मैडम नाचे नाचे रे तू तो’ में भी काम किया है।
एक्ट्रेस अंजलि राघव का म्यूजिक इंडस्ट्री में सफर… तीन बहनें और एक भाई, माता-पिता की हो चुकी मौत
एक इंटरव्यू में अंजलि ने बताया था कि मेरे माता-पिता की मौत हो चुकी है, वे 3 बहनें और एक भाई हैं। 8वीं और 9वीं में होस्टल में पढ़ाई की, 10वीं में ही दिल्ली आई थी। मेरी दोनों बड़ी बहनें परफॉर्म करती थी। जब वे हरियाणा म्यूजिक वीडियो किया करती थी, मैं देखने जाया करती थी। लोग मुझे पीछे खड़ा कर देते थे। मैं बिना इंटरेस्ट के खड़ी हो जाती थी। इसमें मुझे बिल्कुल मजा नहीं आता था। 11वीं में मैंने साइंस में एडमिशन ले लिया। टीचर बनना ड्रीम था, जो कर नहीं पाई। पापा की दोनों किडनियां फेल हुई, काम करना शुरू किया
अंजलि ने आगे बताया, हर जगह लाइफ चेंजिंग फेज आता है। मैं उस वक्त बहुत खुशी से जीवन जी रही थी। सपनों को पूरा करने वाली ही थी। 11वीं, 12वीं के दौरान ही पापा की दोनों किडनियां फेल हो गई थीं। वे डायलसिस पर आ गए थे। मंथली खर्चा बहुत हो जाता था। दोनों बहनें उस वक्त काम किया करती थी। मैं भी सोचती थी कि पापा की मदद नहीं कर सकती, लेकिन खुद के लिए तो कर ही सकती हूं। शनिवार-रविवार को शूट कर लिया करती थी। जो कमाई होती थी, उससे अपनी ट्यूशन फीस और स्कूल फीस को कवर कर लिया करती थी। इससे घर पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ता था। पापा के लिए बहनें किया करती थी। पहले मम्मी ने दुनिया छोड़ी, फिर पापा भी चल बसे
अंजलि बताती है, पूरे 5 साल पापा बेड रेस्ट पर रहे। मम्मी उस वक्त बिल्कुल ठीक थीं। हम यह सोच रहे थे कि पापा को कुछ होगा। मम्मी के लिए सोचने का मौका ही नहीं मिला। पापा के गुजरने से छह महीने पहले मम्मी की डेथ हो गई। मैं कॉलेज गई हुई थी। फर्स्ट ईयर में थी। घर आई तो मम्मी नहीं बच पाई थी। मां की मौत के छह महीने बाद पापा भी चले गए। पापा को ब्रेन हेमरेज हुआ था। इससे तो हमने किसी भी तरह उन्हें बचा लिया था, ऑपरेशन भी सक्सेसफुल हो गया था। मगर, हॉस्पिटल में आग लग गई। इस दौरान उनकी मौत हो गई। काम करना मजबूरी हुई, हरियाणवी इंडस्ट्री जॉइन की
अंजलि ने आगे बताया, माता-पिता की मौत के बाद हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करना मेरी मजबूरी बन गई। हर साल मैं इसे छोड़ने का मन बना लेती थी, लेकिन उसी वक्त एक गाना हिट हो जाता था। लोगों की नजर में आने लग गई थी। हिट होने के बाद लालच आ जाता है। फिर भी मैं कई साल तक इसे छोड़ने का मन बनाए हुए थी। बताती है कि अब हरियाणवी गीतों का एक क्रेज है, लोग भी पसंद करते है। एक टाइम में दिल्ली में लोग हरियाणवी गाने खरीदते नहीं थे। उनको मेरे काम के बारे में पता भी नहीं था। मगर, हरियाणवी गीतों ने मुझे पहचान दिलाई। हरियाणा के राजस्थान, बॉलीवुड, भोजपुरी और टीवी सीरियल मिलें कई ऑफर
अंजलि बताती है, वे राजस्थानी मूवी भरखमा में भी काम कर चुकी हैं। यह लव स्टोरी पर बनी फिल्म है। इसमें राजस्थान के नामचीन कलाकार श्रवण सागर, राजवीर गुर्जर बस्सी, गरीमा पारीक सहित कई कलाकार है। इसके अलावा ‘कैरी-रिश्ता खट्टा मीठा’ नामक धारावाहिक में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कई रीजनल म्यूजिक वीडियोज भी किए हैं। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, और दिल्ली में अंजलि के लाइव शोज होते रहते हैं। उन्हें बेस्ट फीमेल मॉडल हरियाणा के खिताब से भी नवाजा जा चुका है। हाल में पवन सिंह के साथ म्यूजिक वीडियो ‘सइयां सेवा करे’ रिलीज हुआ। ————— यह खबर भी पढ़ें:- काशी के यूपी कॉलेज में BSC छात्र की हत्या:क्लास के बाहर 4 गोली मारी; इकलौते बेटे की लाश देख मां बेहोश; हंगामा, तोड़फोड़
वाराणसी के यूपी कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र को 4 गोलियां मारीं। पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। आरोपी भी इसी कॉलेज का छात्र है। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पढ़ें पूरी खबर…

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *