लखीमपुर खीरी जिले के परिषदीय विद्यालयों में 16 से 20 मार्च तक आयोजित वार्षिक परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई हैं। अब इन विद्यालयों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा। 30 मार्च तक छात्रों के रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों को दिखाए जाएंगे। विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं जिसके बाद 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जिले के 3106 परिषदीय विद्यालयों में साढ़े चार लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन सभी विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ईद और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार से शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू करेंगे। सभी विद्यालयों को 30 मार्च तक यह कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए तिवारी ने बताया कि मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए जिले के सभी 15 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में नियमित रूप से निगरानी करेंगे, ताकि कॉपियों की जांच समय पर पूरी हो सके। मूल्यांकन पूरा होने के बाद विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में अभिभावकों को बच्चों की प्रगति रिपोर्ट दिखाई जाएगी और उनकी पढ़ाई-लिखाई से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी। जिन छात्रों का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई में कोई कठिनाई न हो। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने यह भी बताया कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के लिए विद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था नए सत्र के पहले दिन बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और स्कूल परिसर को सजाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और आकर्षण बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि नए सत्र में सभी छात्र-छात्राओं को समय से पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास करें, ताकि शिक्षा का लाभ हर बच्चे तक पहुंच सके।

Leave a Reply