परिवहन मंत्री चैता गान पर बजाते दिखे मंजीरा, VIDEO:बलिया में प्रशिक्षण अभियान के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए शामिल
![]()
परिवहन मंत्री चैता गान पर बजाते दिखे मंजीरा, VIDEO:बलिया में प्रशिक्षण अभियान के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए शामिल
उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मंत्री बलिया में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान चैता गान पर मंजीरा और तासा बजाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो शनिवार को बलिया नगर विधानसभा के छाता मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के बाद का है। वीडियो में दयाशंकर सिंह चैता गान मंडली के साथ बैठे दिख रहे हैं। वे ढोलक, मंजीरा और तासा की धुन पर कभी मंजीरा तो कभी तासा बजाते हुए चैता गान का आनंद ले रहे हैं। उन्हें विशेष रूप से “ए रामा चैईता मासे” जैसे चैत गानों पर झूमते हुए देखा गया। परिवहन मंत्री ने यह वीडियो अपने फेसबुक वॉल पर भी साझा किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि वे बलिया नगर विधानसभा के छाता मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान में मंडल अध्यक्ष दीनबंधु मौर्य और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय लोकगीत का आनंद लिया। यह पहली बार नहीं है जब मंत्री का ऐसा कोई वीडियो सामने आया है। इससे पहले होली के दौरान भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे रंग-गुलाल में सराबोर होकर ढोलक और मंजीरा बजाते दिखे थे। इसके अतिरिक्त, चौक स्थित दुर्गा मंदिर के वार्षिकोत्सव के भंडारे में उन्हें पूड़ी तलते हुए भी देखा गया था।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
