मथुरा के वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर एक 80 वर्षीय साधु का शव मिला है। उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साधु काफी समय से एक आश्रम के पास रह रहे थे। घटना के दिन साधु ने सुबह यमुना में स्नान किया, ध्यान-पूजन किया और पपीता खाया। इसके कुछ देर बाद उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से कहा कि वह अब इस संसार को छोड़कर जा रहे हैं। लोगों ने पहले उनकी बात को सामान्य समझा, लेकिन कुछ ही देर में साधु अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलने पर वृंदावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन साधु के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। इस कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित की जा रही है, ताकि कोई व्यक्ति उनकी पहचान कर सके। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि पहचान न होने की स्थिति में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply