DniNews.Live

पथराव करने वाले 11 लोगों पर FIR दर्ज:संभल में नमाज के बाद हुई थी मारपीट, स्कॉर्पियो की स्टंटबाजी से कपड़े खराब हुए थे

संभल में ईद की नमाज के बाद हुए पथराव मामले में 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह घटना स्कॉर्पियो गाड़ी की स्टंटबाजी के दौरान नाली की कीचड़ उछलकर कपड़ों पर आने के बाद हुई थी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन सभी घटना के बाद से फरार हैं। यह घटना संभल तहसील के थाना असमोली क्षेत्र के ओबरी गांव में हुई। शनिवार सुबह करीब 10 बजे ईद की नमाज अदा की गई थी। इसके लगभग डेढ़ घंटे बाद फिदा हुसैन पुत्र हाजी तालिब अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जावेद और नावेद पुत्र इकबाल कुछ अन्य लोगों के साथ एक काली स्कॉर्पियो में तेज गति से स्टंट कर रहे थे। गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण नाली की कीचड़ उछलकर फिदा हुसैन के कपड़ों पर आ गई।
जब फिदा हुसैन ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई। सोमवार को थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 115(2), 125(A), 191(2), 191(3), 352, 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज की। इसमें जावेद पुत्र इकबाल, मोहम्मद नजीर पुत्र मोहम्मद उमर, तथा सलीम, नफीस और इरफान पुत्र बाबू को नामजद किया गया है। पथराव और मारपीट की इस घटना से ईद के दिन गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची, जिसे देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने फिदा हुसैन और उनके पक्ष के अन्य घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *