छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्लैमर और लाइमलाइट की दुनिया में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह बड़ा अवसर है। इस बार विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रम को आधुनिक जरूरतों के अनुसार अपडेट किया है, जिसमें एआई जर्नलिज्म और हेल्थ कम्युनिकेशन जैसे नए विषय शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। कोर्स और सीटों का गणित
विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में स्नातक और परास्नातक स्तर पर कई विकल्प उपलब्ध हैं। बीएजेएमसी (BAJMC) और एमएजेएमसी (MAJMC) पाठ्यक्रमों में 50-50 सीटें निर्धारित हैं। इंटरमीडिएट पास छात्र स्नातक कोर्स में दाखिला ले सकते हैं, जबकि किसी भी विषय से स्नातक कर चुके अभ्यर्थी मास्टर्स डिग्री के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग में फिल्म मेकिंग में दो वर्षीय परास्नातक कोर्स और एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा के साथ लेटरल एंट्री की सुविधा भी उपलब्ध है। सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। आधुनिक स्टूडियो में मिलेगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
विभाग की प्रमुख विशेषता इसका आधुनिक स्टूडियो है। यहां छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि अनुभवी प्रोफेसरों की देखरेख में एंकरिंग, रिपोर्टिंग, वॉइस ओवर, वीडियो एडिटिंग और कैमरा संचालन की बारीकियां भी सिखाई जाती हैं। स्टूडियो में होने वाली प्रैक्टिकल कक्षाएं छात्रों को फील्ड की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं, जिससे वे मीडिया संस्थानों की जरूरतों के अनुरूप खुद को ढाल सकें। करियर के असीम अवसर
पत्रकारिता का क्षेत्र अब केवल टीवी एंकरिंग तक सीमित नहीं है। कोर्स पूरा करने के बाद छात्र अखबारों, टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर न्यूज राइटर, कॉपी एडिटर, कंटेंट राइटर, पीसीआर कंट्रोलर और ग्राफिक्स डिजाइनर जैसे पदों पर कार्य कर सकते हैं। विभाग के पूर्व छात्र दूरदर्शन, आज तक, दैनिक भास्कर और अमर उजाला जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी सफल हुए हैं। प्रमुख पाठ्यक्रमों का विवरण और शुल्क
विभाग में उपलब्ध कोर्स की फीस और अवधि किफायती रखी गई है। बीएजेएमसी की सालाना फीस 31,200 रुपये है, जबकि एमएजेएमसी के लिए 41,200 रुपये प्रति वर्ष निर्धारित हैं। फिल्म मेकिंग कोर्स की फीस 51,200 रुपये और पीजी डिप्लोमा की फीस 42,200 रुपये सालाना है। प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छात्र विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में संपर्क कर सकते हैं, जहां डॉ. ओमशंकर गुप्ता को प्रवेश समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply