संभल जिले के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के बारीपुर भमरौआ गांव में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। रविवार देर शाम पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर पति और उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में पति ओमप्रकाश, उसकी मां वीरवती और भाई अनुपम गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, बारीपुर भमरौआ निवासी ओमप्रकाश की पत्नी सुमन कुछ समय से अपने बच्चों के साथ पति से अलग रह रही थी। बताया जाता है कि ओमप्रकाश हर महीने सुमन को दस हजार रुपये खर्च के रूप में देता था। रविवार को किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। घायलों का इलाज कराया गया विवाद बढ़ने पर सुमन अपने संबंधियों हेमराज, विमल, अशोक, ऐश राज, पारुल और गुड्डी के साथ ओमप्रकाश के घर पहुंची। आरोप है कि सुमन और उसके साथ आए लोगों ने ओमप्रकाश, उसकी मां वीरवती और भाई अनुपम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर हमलावरों को भगाया। ग्रामीणों ने घायल ओमप्रकाश, वीरवती और अनुपम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हजरत नगर गढ़ी पुलिस ने ओमप्रकाश की तहरीर के आधार पर सुमन और उसके साथियों हेमराज, विमल, अशोक, ऐश राज, पारुल व गुड्डी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद ही हमले की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/UKg9c1j
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply