सहारनपुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के बहाने महिला को बेचने और उसके शोषण करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार शाम को एसएसपी के निर्देश पर गागलहेड़ी थाना पुलिस ने की। पुलिस के अनुसार, पीड़िता चंदना सरकार (जो वर्तमान में ऋषिकेश के मायापुरी बंगाली बस्ती क्षेत्र में रहती है) ने 25 मार्च 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और पिछले 15 वर्षों से अपने पति के साथ ऋषिकेश में रह रही थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि बाजार में उसकी मुलाकात लता नामक महिला से हुई थी, जिसने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद लता ने उसे अपने घर बुलाया, जहां राहुल और आदेश पहले से मौजूद थे। इन तीनों ने मिलकर उसे बेहतर काम और अधिक पैसे का लालच दिया। बाद में, उन्होंने पीड़िता को नोनिस उर्फ अज्जू नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। पीड़िता के अनुसार, उसे 5 और 6 मार्च 2026 से एक घर में बंधक बनाकर रखा गया। जब उसने विरोध किया और बाहर निकलने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका शारीरिक शोषण किया गया और उसे जबरन बंधक बनाकर रखा गया। इस तहरीर के आधार पर थाना गागलहेड़ी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष अमित नागर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों लता, राहुल, आदेश और नोनिस उर्फ अज्जू को हरौड़ा ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के आपराधिक इतिहास भी सामने आए हैं, जिनमें धोखाधड़ी, धमकी और अन्य गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply