![]()
नौकरी के बहाने जबरन गलत काम में धकेलने की कोशिश:स्पा सेंटर संचालिका ने नौकरी के नाम बुलाया, गाड़ी से कूदकर भागी महिलाएं
लखनऊ के कृष्णानगर थानाक्षेत्र में महिला ने नौकरी के बहाने बुलाकर देह व्यापार में धकेलना का आरोप लगाया है। महिला का कहना है अपनी दोस्त के साथ नौकरी तलाश रही थी। तभी उसकी मुलाकात 50 साल की महिला से हुई। जिसने नौकरी का झांसा देकर मिलने बुलाया। इसके बाद स्पा सेंटर में काम करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट करने लगे।
तेलीबाग क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसे नौकरी और किराये के मकान का झांसा देकर जबरन गलत काम में धकेलने की कोशिश की गई। खरिका तेलीबाग निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पीड़िता तीन बच्चों की सिंगल मदर है और काम की तलाश में दर-दर भटक रही थी। 3 फरवरी 2025 की सुबह वह अपनी दोस्त के साथ आईटी कॉलेज से विकास नगर इलाके में नौकरी और किराए के कमरे की तलाश कर रही थी। इस दौरान एक पान की दुकान पर पूछताछ करने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे विकास नगर भेजा। जहां प्रमोदिनी गौतम नाम की महिला से मिलने को कहा। बताए गए पते पर पहुंचने पर पीड़िता की मुलाकात करीब 50 साल की महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति से हुई। महिला ने अपना नाम प्रमोदिनी गौतम बताया और शाम 6:30 बजे कृष्णानगर पुलिस चौकी के पास मिलने को कहा। इस दौरान वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने पीड़िता और उसकी सहेली की फोटो और वीडियो भी बना ली। जिससे पीड़िता को शक हुआ। शाम को तय समय पर जब पीड़िता अपनी दोस्त के साथ मौके पर पहुंची तो कुछ देर बाद एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। आरोप है कि उसमें मौजूद प्रमोदिनी गौतम और अन्य लोगों ने जबरदस्ती दोनों को गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उनसे कहा गया कि उन्हें मसाज पार्लर में स्पेशल सर्विस देनी होगी। जिसके बदले 5000 रुपए प्रति ग्राहक मिलेंगे।
इस पर पीड़िता और उसकी दोस्त ने इस काम से साफ इनकार किया और रोते हुए छोड़ने की गुहार लगाई लेकिन आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसी तरह गाड़ी का दरवाजा खुलने पर दोनों ने चलती गाड़ी से कूदकर जान बचाई। मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने 112 पर कॉल किया लेकिन मदद नहीं मिल सकी। अगले दिन कृष्णानगर थाने पहुंचकर शिकायत की लेकिन वहां भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उच्च अधिकारियों से मिलने पर भी कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट में केस फाइल कर दिया। सोमवार को कोर्ट के आदेश पर कृष्णा नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में इंस्पेक्टर कृष्णनगर का कहना है साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply