DniNews.Live

नौकरी की तलाश में इजराइल जा रहे बाराबंकी के युवा:36 लड़कों का अस्पताल में हुआ मेडिकल टेस्ट, बोले- किसी तरह का डर नहीं

वैश्विक स्तर पर इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद, बाराबंकी के 36 युवा बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में इजराइल जाने की तैयारी कर रहे हैं। इन युवाओं का जिला अस्पताल में अनिवार्य मेडिकल परीक्षण पूरा हो चुका है। जनपद के देवा और रामनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए इन युवाओं का एक दल हाल ही में जिला अस्पताल पहुंचा था। यहां डॉक्टरों की एक टीम ने विदेश यात्रा के लिए आवश्यक शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य की गहन जांच की। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उनकी दस्तावेजी कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि इजराइल में मौजूदा हालातों के बावजूद, वहां निर्माण कार्य और अन्य क्षेत्रों में श्रमिकों की मांग बनी हुई है। युवाओं में अपने परिजनों की सहमति मिलने के बाद खासा उत्साह देखा जा रहा है। देवा के रहने वाले गोविंद सिंह, जो इजराइल जा रहे हैं, ने बताया कि उन्हें किसी तरह का डर नहीं है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इजराइल का प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके गांव के 15 से 20 लोग पहले से ही इजराइल में कार्यरत हैं। रामनगर के दिलीप ने बताया कि उन्होंने वहां रह रहे अपने गांव के कुछ लोगों से बात की है, जिन्होंने बताया कि इजराइल में स्थिति उतनी भयावह नहीं है जितनी दिखाई या बताई जा रही है। वहीं, जगदीशपुर गांव से जा रहे एक युवक ने भावुक होकर कहा कि उन्हें वहां जाना जरूरी है क्योंकि उनकी शादी हो चुकी है, बच्चे हैं और घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें युद्ध की चिंता नहीं है, बल्कि अपने परिवार की चिंता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *