DniNews.Live

नोएडा में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी:स्कूल प्रबंधन को किया गया मेल, चलाया गया सर्च अभियान, बच्चों को भेजा वापस

नोएडा में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन के ई-मेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे मेल में स्कूल परिसरों में बम होने की बात कही गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। एहतियातन कई स्कूलों में तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
सेक्टर-62 स्थित फादर एंजल स्कूल को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला। मेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों को ई-मेल भेजकर जल्द से जल्द बच्चों को स्कूल से वापस ले जाने के लिए कहा। सूचना मिलते ही कई अभिभावक स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों को घर ले गए। सूचना के बाद थाना सेक्टर-58 पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल परिसर को घेरकर पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। कक्षाओं, पार्किंग, मैदान और स्कूल भवन के सभी हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसर में आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सर्च अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि एहतियात के तौर पर जांच प्रक्रिया जारी रखी गई है और मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि धमकी भरे मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि मेल कहां से भेजा गया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *