![]()
नोएडा में महिला को किया डिजिटल अरेस्ट:8.52 लाख रुपए ठगे, मनीलॉड्रिंग का दिखाया था डर
मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने एक महिला के साथ 8.52 हजार रुपए की ठगी कर ली। पांच से अधिक बार में विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। ठगी की जानकारी होने के बाद महिला ने साइबर क्राइम थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सेक्टर 34 निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गृहणी हैं। 12 फरवरी को उनके पास एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम गौतम बताया और कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है। उसने यह भी कहा कि इस केस में अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब उनकी भी गिरफ्तारी हो सकती है। ठगों ने महिला को डराने के लिए वीडियो कॉल भी किया। नकली कोर्ट जैसा दिखा माहौल
वीडियो कॉल में उन्होंने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और एक नकली कोर्ट जैसा माहौल दिखाया। महिला को यकीन दिलाया गया कि मामला बहुत गंभीर है और अगर उन्होंने सहयोग नहीं किया तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ठगों ने कहा कि उनके बैंक खातों की जांच करनी होगी। जांच के नाम पर महिला से उनके खाते में मौजूद पैसे एक दूसरे खाते में ट्रांसफर करने को कहा गया। पैसे मांगे तो फोन किया बंद
ठगों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद पैसा वापस कर दिया जाएगा। डर और घबराहट में आकर महिला ने 13 फरवरी को अपने बैंक खाते से करीब आठ लाख 52 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब उन्होंने बाद में पैसे वापस मांगने के लिए फोन किया तो कॉल उठाना बंद कर दिया गया। तब उन्हें समझ आया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है उनकी जांच जारी है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply