नोएडा और ग्रेटर नोएडा में देर रात हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। इसी कारण सूरजपुर के गुरुद्वारे के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जहां एक खुले नाले में बाइक सवार तीन युवक गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना तब हुई जब नाले के ऊपर तक पानी भर गया था, जिससे बाइक सवार युवकों को नाला दिखाई नहीं दिया और वे उसमें जा गिरे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और युवकों को बाहर निकाला। बाद में रस्सी की सहायता से बाइक को भी नाले से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय प्राधिकरण की लापरवाही को उजागर किया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि खुले नालों को न ढकना और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होना ऐसे हादसों का मुख्य कारण है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इसी गुरुद्वारे वाली सड़क पर पहले भी जलभराव के कारण गहरे गड्ढे हो चुके हैं, जिनमें गिरकर कई बाइक सवार चोटिल हुए हैं। शिकायत के बावजूद प्राधिकरण के अधिकारियों ने इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था सुधारी जाती या खुले नाले को ढका जाता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।

Leave a Reply