DniNews.Live

नोएडा प्राधिकरण की नई पहल:देश -विदेश के निवेशकों को मोबाइल पर मिलेगी स्कीम की पूरी जानकारी, करना होगा रजिस्ट्रेशन

निवेशकों को नोएडा की विभिन्न योजनाओं की सटीक और समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत देश-विदेश में बैठे निवेशक अब अपने मोबाइल फोन पर ही प्राधिकरण की नई और मौजूदा सकीम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए इच्छुक निवेशकों को नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट https://noidaauthorityonline.in⁠ पर जाकर “Register Yourself to Invest in Noida” विकल्प पर क्लिक करना होगा। इस विकल्प के माध्यम से निवेशक अपनी बुनियादी जानकारी भरकर आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निवेशक का मोबाइल नंबर प्राधिकरण के सिस्टम में दर्ज हो जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार, रजिस्ट्रेशन के बाद संबंधित निवेशकों को उनके मोबाइल नंबर पर समय-समय पर नई स्कीम की जानकारी भेजी जाएगी। यह जानकारी प्राधिकरण की अलग-अलग श्रेणियों से संबंधित स्कीम की होगी। इससे निवेशकों को किसी भी नई स्कीम की जानकारी के लिए अलग-अलग स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बताना होगा किस श्रेणी में करना है निवेश
रजिस्ट्रेशन के दौरान निवेशकों को यह भी बताना होगा कि वे किस श्रेणी में निवेश करना चाहते हैं। प्राधिकरण ने इसके लिए कई विकल्प दिए हैं, जिनमें इंडस्ट्री, कमर्शियल और ग्रुप हाउसिंग प्रमुख हैं। निवेशक अपनी रुचि के अनुसार इनमें से किसी एक या अधिक विकल्प का चयन कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर यदि कोई निवेशक इंडस्ट्रियल सेक्टर में निवेश करना चाहता है और वह रजिस्ट्रेशन के दौरान इंडस्ट्री विकल्प चुनता है, तो उसे नोएडा प्राधिकरण की सभी इंडस्ट्रियल स्कीम से जुड़ी जानकारी मोबाइल पर मिलती रहेगी। इसी तरह यदि कोई व्यक्ति कमर्शियल या ग्रुप हाउसिंग से संबंधित योजनाओं में रुचि रखता है, तो उससे संबंधित अपडेट भी उसे सीधे फोन पर उपलब्ध कराए जाएंगे। धोखाधड़ी से बच सकेंगे निवेशक
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि इस नई डिजिटल व्यवस्था से निवेशकों को दो बड़े फायदे होंगे। पहला, उन्हें प्राधिकरण की सभी योजनाओं की आधिकारिक और सही जानकारी समय पर मिल सकेगी। दूसरा, निवेशक किसी भी तरह की फर्जी जानकारी, बिचौलियों या धोखाधड़ी से बच सकेंगे। देश-विदेश के निवेशकों को मिलेगी जानकारी
प्राधिकरण के अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से पारदर्शिता बढ़ेगी और निवेशकों का भरोसा भी मजबूत होगा। साथ ही इससे देश-विदेश के निवेशकों को नोएडा में निवेश के बेहतर अवसरों की जानकारी सीधे और सरल तरीके से मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र में निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *